कनाडा में लॉरेंस बिश्नोई के ‘मेन हैंडलर’ का मर्डर, ; रोहित गोदारा ने ली हत्या की जिम्मेदारी, पुलिस ने की पुष्टि
कनाडा के सरे शहर में पिछले महीने दिनदहाड़े एक ऑफिस में घुसकर एक शख्स मारा गया था, उसके तार कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ते नजर आ रहे हैं। अब कनाडा पुलिस ने भी इस बात की पुष्टि कर दी है कि मारा गया व्यक्ति कोई आम आदमी नहीं था। वह बल्कि लॉरेंस गैंग का अहम सहयोगी था, और ‘मेन हैंडलर’ भी था. इस हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस के विरोधी गैंग के रोहित गोदारा ने ली थी। पुलिस अब हत्या की पूरी साजिश, शूटरों की पहचान और मृतक की वास्तविक भूमिका की जांच में जुटी है।
दिनदहाड़े चली थी ऑफिस में गोलियां
यह घटना 4 मई 2026 की है. दोपहर करीब 3 बजकर 3 मिनट पर सरे पुलिस सर्विस को खबर मिली कि 13000 ब्लॉक 76 एवेन्यू इलाके में मौजूद एक बिजनेस ऑफिस के अंदर गोलियां चली हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई, जहां उन्हें एक व्यक्ति गोली लगने की वजह से बहुत ही गंभीर हालत में मिला।
बचने की कोशी के बाद भी नहीं बच पाए
पुलिस वालों ने मौके पर ही उस घायल शख्स की जान बचाने की पूरी कोशिश की और उसे फर्स्ट एड भी दिया। लेकिन उसकी हालत इतनी ज्यादा खराब थी कि कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई. बाद में जब मेडिकल टीम वहां पहुंची, तो उन्होंने उसे मृत घोषित कर दिया।
कौन था मारा गया शख्स?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मारे गए व्यक्ति की पहचान गुरविक्रमजीत सिंह वारिंग के रूप में हुई है। जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ था और गैंग में बहुत ही अहम रोल निभाता था। गुरविक्रमजीत का काम गैंग के लिए नेटवर्क मैनेजमेंट करना, लोगों से संपर्क बनाना और गैंग की बाकी गतिविधियों को संभालना था। वह एक तरह से इस गैंग का हैंडलर था। लॉरेंस गैंग से जुड़े होने के कारण पुलिस उसकी जांच में जुटी थी।
कहां तक पहुंची पुलिस की जांच?
कनाडा की इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम इस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल, पुलिस ने अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार करने की पुष्टि नहीं की है। इसके साथ ही, हमलावरों या संदिग्धों के बारे में भी कोई जानकारी आम जनता के सामने नहीं रखी गई है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास भी इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी है, तो वह तुरंत जांच टीम से संपर्क करे।
भारत और कनाडा की एजेंसियां हुई सतर्क
कनाडा में भारतीय गैंग्स के नेटवर्क और उनसे जुड़े अपराधों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पिछले कुछ समय से काफी चौकन्नी हैं। कई मामलों में भारत और कनाडा दोनों देशों की एजेंसियां मिलकर इन इंटरनेशनल क्रिमिनल नेटवर्क्स की हरकतों पर नजर रख रही हैं।
