|

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी भारत दौरे पर, 2 मार्च को पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी 26 फरवरी से 7 मार्च तक भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान के दौरे पर रहेंगे। अपने भारत दौरे की शुरुआत वे मुंबई से करेंगे।

ओटावा स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, कार्नी 2 मार्च को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), प्रतिभा, संस्कृति और रक्षा क्षेत्रों में नई साझेदारियों पर चर्चा होने की संभावना है।

संबंधों में सुधार की कोशिश

कार्नी के दौरे से पहले कनाडा की ओर से संकेत दिया गया है कि कनाडा में हिंसक अपराधों में भारत की कोई भूमिका नहीं है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कनाडा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि ओटावा और नई दिल्ली के बीच मजबूत राजनयिक संवाद कायम है और दोनों पक्ष संबंधों को सामान्य करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

2023 में बिगड़े थे रिश्ते

गौरतलब है कि वर्ष 2023 में भारत-कनाडा संबंधों में गंभीर तनाव आ गया था। उस समय कनाडा के तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने खालिस्तानी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंटों की संलिप्तता का आरोप लगाया था, जिसे भारत ने सिरे से खारिज कर दिया था।

तनाव इतना बढ़ गया कि दोनों देशों ने व्यापार समझौता वार्ता रोक दी, कई राजनयिकों को निष्कासित किया और अपने-अपने दूतावासों में कर्मचारियों की संख्या घटा दी। भारत ने ओटावा में अपने राजदूत संजय वर्मा को वापस बुलाया, जबकि जवाबी कार्रवाई में भारत ने कनाडाई राजनयिकों को निष्कासित किया।

जी7 बैठक में नई शुरुआत

प्रधानमंत्री मोदी ने जून 2025 में कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में आयोजित G7 Summit के दौरान मार्क कार्नी से मुलाकात की थी। इस बैठक को दोनों देशों के संबंधों में नई ऊर्जा का संकेत माना गया।

मार्क कार्नी का यह भारत दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब दोनों देश कूटनीतिक तनाव के बाद रिश्तों को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह यात्रा व्यापार, तकनीक और रक्षा सहयोग के क्षेत्र में नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त कर सकती है।

Share

Similar Posts