ब्रिक्स बैठक की तैयारी शुरू: महिला नेतृत्व आधारित विकास पर भारत का जोर

नई दिल्ली में भारत की ब्रिक्स (BRICS) अध्यक्षता के तहत महिला कार्य समूह की आगामी बैठक की तैयारियों को लेकर पहली बैठक आयोजित की गई। इस दौरान महिला नेतृत्व आधारित विकास (Women-led Development) को प्रमुख एजेंडा बनाया गया।
यह बैठक वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों के साथ भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता कैरालिन खोंगवार देशमुख ने की।
इस बैठक में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के साथ यूएन वूमेन और फिक्की (FICCI) जैसे साझेदार भी शामिल हुए।
भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता की थीम “लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सततता के लिए निर्माण” के अनुरूप बैठक में महिलाओं से जुड़े वैश्विक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें चार प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया—
- शासन और नेतृत्व में महिलाओं की भागीदारी
- वित्तीय एवं डिजिटल समावेशन
- महिला उद्यमिता और कौशल विकास
- जलवायु कार्रवाई, खाद्य सुरक्षा और पोषण में महिलाओं की भूमिका
बैठक में भारत ने महिलाओं को आर्थिक विकास, सुशासन और सामाजिक परिवर्तन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए महिला-नेतृत्व वाले विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
ब्रिक्स सदस्य देशों ने भारत की अध्यक्षता का स्वागत करते हुए प्रस्तावित प्राथमिकताओं का समर्थन किया और भविष्य में सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया।
यह भी बताया गया कि इस तैयारी बैठक में हुई चर्चाएं आगामी ब्रिक्स महिला कार्य समूह की बैठक (6–7 जुलाई 2026) और महिला मंत्रिस्तरीय बैठक (8–9 जुलाई 2026) के लिए मार्गदर्शक साबित होंगी। ये दोनों बैठकें कोच्चि में आयोजित की जाएंगी, जहां वैश्विक स्तर पर महिला सशक्तिकरण के मुद्दों पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।






