रोजगार मेले युवाओं के सपनों को दे रहे नई उड़ान: बी.एल. वर्मा, लखनऊ में 330 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को 19वें रोजगार मेले के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर में 51 हजार से अधिक नव नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इसी क्रम में लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने रोजगार मेले का शुभारंभ किया।
330 अभ्यर्थियों को मिली सरकारी सेवा की सौगात
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा ने 330 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें से 198 उम्मीदवार भारतीय रेलवे में अपनी सेवाएं देंगे। इस अवसर पर नव नियुक्त युवाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
‘युवाओं के सपनों को नई उड़ान दे रहे रोजगार मेले’
बी.एल. वर्मा ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि आज देशभर के 47 स्थानों पर रोजगार मेले आयोजित किए गए, जहां 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की रोजगार सृजन को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता के अनुरूप रोजगार मेला युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है।
इन मंत्रालयों में देंगे सेवाएं
रोजगार मेले के माध्यम से चयनित अभ्यर्थी रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग सहित केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में अपनी जिम्मेदारियां संभालेंगे।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के अधिकारी सुनील कुमार वर्मा, मंडल रेल प्रबंधक नीलिमा सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक शूरवीर सिंह चौहान, अरिमा भटनागर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।





