|

बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव: नामांकन आज, नितिन नबीन का निर्विरोध चुना जाना तय!

बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया के तहत सोमवार को पार्टी मुख्यालय में नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इस अहम मौके पर भाजपा के लगभग सभी मुख्यमंत्री, पार्टी की राज्य इकाइयों के अध्यक्ष और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन के पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुने जाने की प्रबल संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह                                                          समेत शीर्ष नेतृत्व उनकी उम्मीदवारी के समर्थन में है।

भाजपा के नेशनल रिटर्निंग ऑफिसर के. लक्ष्मण द्वारा जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन सोमवार को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक दाखिल किए जाएंगे।

इसके बाद 19 जनवरी को शाम 4 बजे से 5 बजे के बीच नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी होगी। वहीं, शाम 5 बजे से 6 बजे के बीच नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। यदि कोई अन्य उम्मीदवार सामने नहीं आता है, तो चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के अगले दिन नए पार्टी अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी।

भाजपा संगठन से जुड़े नेताओं का मानना है कि नितिन नबीन का अनुभव और संगठनात्मक पकड़ आगामी लोकसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।

Share

Similar Posts