क्षेत्र विकास निधि रोके जाने का आरोप, सिलीगुड़ी में अनशन पर बैठे भाजपा विधायक शंकर घोष

विधायक क्षेत्र विकास निधि की राशि जारी न किए जाने के विरोध में सिलीगुड़ी के भाजपा विधायक शंकर घोष 24 घंटे के अनशन पर बैठ गए हैं। यह अनशन गुरुवार सुबह आठ बजे सिलीगुड़ी के हाथी मोड़ पर शुरू हुआ, जो 23 जनवरी की सुबह आठ बजे तक चलेगा।

विधायक शंकर घोष का आरोप है कि लंबे समय से राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा विधायक क्षेत्र विकास निधि की राशि रोकी जा रही है, जिससे क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य ठप पड़े हैं। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े कार्यों को लेकर बार-बार आग्रह करने के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं की गई।

इसी के विरोध में विधायक ने शांतिपूर्ण तरीके से अनशन शुरू किया है। अनशन स्थल पर भाजपा के कई नेता, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे और उन्होंने विधायक के आंदोलन का समर्थन किया।

वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। विधायक शंकर घोष ने कहा कि जब तक विकास निधि जारी नहीं की जाती, तब तक वह जनता की आवाज उठाते रहेंगे।

Share

Similar Posts