|

बिहार में सियासी हलचल तेज, अगले 48 घंटे अहम; राज्यपाल ने डीएम को तलब किया

बिहार की राजनीति में इस समय बड़ा उथल-पुथल देखने को मिल रहा है और आने वाले 48 घंटे बेहद अहम माने जा रहे हैं। राज्य में नई सरकार के गठन और संभावित शपथ ग्रहण समारोह को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर गतिविधियां तेज हो गई हैं।

इसी बीच बड़ा संकेत तब मिला जब बिहार के राज्यपाल ने पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम को सोमवार सुबह राजभवन तलब किया। इस बैठक को शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने से जोड़कर देखा जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, 14 अप्रैल को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं, जिसे नई सरकार के गठन की दिशा में निर्णायक कदम माना जा रहा है। राजधानी पटना में प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा और आयोजन की तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं।

राजनीतिक हलकों में गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री आवास 1 अणे मार्ग पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के वरिष्ठ नेताओं की लगातार मौजूदगी देखी गई, जिनमें संजय झा, ललन सिंह और विजय चौधरी शामिल रहे।

JDU नेताओं ने दावा किया है कि पूरी प्रक्रिया तय योजना के अनुसार आगे बढ़ रही है और किसी तरह की बाधा नहीं है। वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) भी अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटी है और विधायक दल के नेता के चयन के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में शिवराज सिंह चौहान 14 अप्रैल को पटना पहुंचेंगे।

इस बीच राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा तेज है कि नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री के शामिल होने की संभावना है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Share

Similar Posts