बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर 18 जून को चुनाव, नीतीश कुमार वाली सीट पर भी होगा उपचुनाव
Bihar विधान परिषद की खाली हो रही 10 सीटों के लिए 18 जून को चुनाव कराया जाएगा। केंद्रीय चुनाव आयोग ने मंगलवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। इन सीटों में पूर्व मुख्यमंत्री Nitish Kumar के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद खाली हुई सीट भी शामिल है, जिस पर उपचुनाव कराया जाएगा।
यह सीट विधानसभा कोटे से विधान परिषद के लिए भरी जाएगी और निर्वाचित सदस्य का कार्यकाल 6 मई 2030 तक रहेगा। इसके अलावा विधान परिषद के नौ अन्य सदस्यों का कार्यकाल 28 जून को समाप्त हो रहा है, जिसके चलते नियमित चुनाव भी कराए जाएंगे।
जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें डॉ. कुमुद वर्मा, प्रो. गुलाम गौस, मोहम्मद फारूक, भीष्म सहनी, भगवान सिंह कुशवाहा, संजय प्रकाश, समीर कुमार सिंह, Samrat Choudhary और सुनील कुमार सिंह शामिल हैं। हालांकि सम्राट चौधरी और भगवान सिंह कुशवाहा की सीटें पहले से खाली हैं, क्योंकि दोनों विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बन चुके हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार, 1 जून को अधिसूचना जारी होने के साथ नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 11 जून नाम वापस लेने की अंतिम तिथि तय की गई है। यदि आवश्यक हुआ तो 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
राजनीतिक दृष्टि से यह चुनाव अहम माना जा रहा है। बिहार विधानसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पास बहुमत होने के कारण माना जा रहा है कि अधिकांश सीटों पर उसकी स्थिति मजबूत रहेगी। हालांकि राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि सभी सीटों पर मुकाबला होता है तो क्रॉस वोटिंग और राजनीतिक समीकरण भी अहम भूमिका निभा सकते हैं।






