बिहार विधानसभा चुनाव 2025: दूसरे और अंतिम चरण के मतदान की सभी तैयारियां पूरी, कल 3.7 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान 🗳️

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस चरण में 20 जिलों के 122 विधानसभा क्षेत्रों में कल मतदान होगा। इस चरण में 3 करोड़ 70 लाख से अधिक मतदाता 136 महिलाओं सहित 1302 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा, जबकि सुरक्षा कारणों से 7 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान शाम 5 बजे तक ही संपन्न किया जाएगा।
राज्य के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई है। नेपाल, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड से सटी अंतर्राज्यीय सीमाओं को पूरी तरह सील कर दिया गया है और सीमावर्ती क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है। सुरक्षा के मद्देनज़र नेपाल के जयनगर-मधुबनी-जनकपुर मार्ग पर चलने वाली मैत्री एक्सप्रेस रेल सेवा को मतदान पूरा होने तक रद्द कर दिया गया है।
निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए पटना में मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय में उन्नत नियंत्रण और कमांड सेंटर स्थापित किया है। इसी प्रकार के नियंत्रण कक्ष सभी 20 जिलों में भी बनाए गए हैं ताकि मतदान के दौरान किसी भी स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
महिला सशक्तिकरण और सामाजिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए 595 मतदान केंद्रों का संचालन महिला चुनाव कर्मियों को सौंपा गया है, जबकि 21 मतदान केंद्रों का प्रबंधन दिव्यांगजनों द्वारा किया जाएगा। इसके अलावा 316 मॉडल मतदान केंद्रों की स्थापना की गई है, जहाँ मतदाताओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
इस चरण के मतदान के साथ ही बिहार विधानसभा चुनाव का अंतिम दौर पूरा हो जाएगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी, जिसके बाद राज्य की नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी।






