| | |

भोपाल में रहवासी इलाकों की दुकानों पर सीलिंग: 8264 नोटिस जारी; छह इलाकों में पुलिस बल रहेगा तैनात

भोपाल। रेसीडेन्शियल कालोनी में चल रही कमर्शियल गतिविधियों के खिलाफ नगर निगम आज से सीलिंग की कार्रवाई शुरू करेगा। रविवार को निगम की टीमों ने संबंधित प्रतिष्ठानों पर 24 घंटे के नोटिस चस्पा किए हैं।

कार्रवाई के दौरान निगम अमले के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहेगा। निगम ने 26 अगस्त तक आवासीय भवनों के व्यावसायिक उपयोग और अन्य उल्लंघनों को लेकर 8264 नोटिस जारी किए थे।

इन नोटिस का परीक्षण किया जा रहा है। इससे पहले वार्ड-58 के गौतम नगर में आवासीय भवन में चल रहे होटल को सील किया जा चुका है।

छह इलाकों में पुलिस बल रहेगा तैनात
सोमवार को छह स्थानों पर कार्रवाई की जाएगी। हंगामे की आशंका को देखते हुए मिसरोद, हबीबगंज, रातीबड़, कोहेफिजा, गोविंदपुरा, ऐशबाग और कोलार थाना पुलिस का बल तैनात रहेगा। निगम अधिकारियों के मुताबिक नोटिस देने के बाद दस्तावेज और भवन उपयोग की स्थिति का परीक्षण किया जा रहा है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बढ़ी सख्ती
आवासीय भवनों के व्यावसायिक उपयोग और अवैध निर्माण के मामले में सुप्रीम कोर्ट में अगस्त के पहले हफ्ते में सुनवाई हुई थी। कोर्ट ने राज्य सरकार की ओर से गठित 10 सदस्यीय जांच समिति की कार्रवाई पर रोक लगा दी थी। साथ ही मध्य प्रदेश हाईकोर्ट से दुकान संचालकों को मिले राहत आदेश भी निरस्त कर दिए थे।

जांच में हस्तक्षेप नहीं होगा 
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि उसके निर्देश पर चल रही जांच में हस्तक्षेप नहीं किया जाएगा। मामले की सुनवाई 15 सितंबर को होगी। नगर निगम को इस दौरान कार्रवाई की रिपोर्ट भी पेश करनी है।

शोर, भीड़ और ट्रैफिक से परेशानी का हवाला
नगर निगम का कहना है कि रहवासी इलाकों में कमर्शियल गतिविधियों से शोर, भीड़ और ट्रैफिक बढ़ने जैसी समस्याएं पैदा हो रही हैं। इससे सार्वजनिक शांति और सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका है। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई है। बढ़ते ट्रैफिक से हादसों का खतरा भी बढ़ता है।

नए सर्वे में अन्य उल्लंघनों की भी जांच
निगम के नए सर्वे में भवन से जुड़े अन्य उल्लंघनों की भी जांच की जा रही है। मुख्य मार्गों के दोनों ओर और उनसे जुड़ी गलियों में सर्वे किया जा रहा है। नदी-तालाब किनारे, ग्रीन बेल्ट, बफर जोन और कैचमेंट एरिया में बनी दुकानों की प्राथमिकता से जांच होगी। अवैध मैरिज गार्डन को भी नोटिस दिए जाएंगे।

नोटिस के बाद कारोबारियों में दहशत
कार्रवाई की सख्ती के बाद अवधपुरी, अयोध्या बायपास, गौतम नगर, अशोका गार्डन और लालघाटी समेत कई इलाकों के कारोबारी परेशान हैं। रहवासी भवनों में दुकानें संचालित करने वाले कुछ दुकानदार अब कमर्शियल इलाकों में जगह ढूंढ रहे हैं।

Share