| | |

भोपाल में PMSSS के छात्रों को मिल रही धमकी: पीजी खाली करने का दबाव; एसोसिएशन ने CM-DGP से मांगी मदद

भोपाल। शहर में दो कश्मीरी छात्रों को कथित तौर पर धमकी देने का मामला सामने आया है। जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने इस मामले में मुख्यमंत्री और डीजीपी से मदद की मांग की है।

एसोसिएशन के संयोजक नासिर खुहेमी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मामले की जानकारी देते हुए छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

दो छात्र भोपाल के TRUBA इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में पढ़ाई कर रहे हैं।  आरोप लगाया है कि कॉलोनी के कुछ लोग उन पर पीजी खाली करने का दबाव बना रहे हैं।

हॉस्टल नहीं होने के कारण दिया पीजी
दोनों छात्र भोपाल के TRUBA इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में फार्मेसी की पढ़ाई कर रहे हैं। दोनों का चयन प्रधानमंत्री स्पेशल स्कॉलरशिप स्कीम (PMSSS) से हुआ था। एक साल से इसी कॉलोनी में रह रहे हैं। कुछ दिन पहले उनसे पीजी खाली करने के लिए कहा गया। योजना के तहत छात्रों को कॉलेज में हॉस्टल की सुविधा मिलनी थी, लेकिन हॉस्टल उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें पीजी में ठहराया गया। अब पीजी खाली करने के दबाव के बाद छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन को अपनी समस्या की जानकारी दी है।
जबरदस्ती निकालने की धमकी
छात्रों का आरोप है कि कॉलोनी और आसपास के कुछ लोग उनके पीजी मालिक पर उन्हें निकालने का दबाव बना रहे हैं। आरोप के मुताबिक, पीजी मालिक को यह भी धमकी दी गई कि यदि छात्रों को नहीं निकाला गया तो वे खुद उन्हें बाहर निकाल देंगे।


पुलिस से सुरक्षा की मांग

एसोसिएशन ने एक्स पर पोस्ट कर पूरी घटना की जानकारी दी और पुलिस व जिला प्रशासन से मामले की जांच कराने की मांग की है। साथ ही छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनकी पढ़ाई प्रभावित नहीं होने देने की अपील की है। एसोसिएशन का कहना है कि किसी भी छात्र को अपनी पढ़ाई और सुरक्षा में से किसी एक को चुनने की स्थिति में नहीं होना चाहिए।

कश्मीरी होने के कारण डराने का अधिकार नहीं
एसोसिएशन ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को उसके धर्म, शहर या राज्य की पहचान के आधार पर डराने का किसी को अधिकार नहीं है। यदि कोई व्यक्ति कश्मीर से है, तो सिर्फ उसकी पहचान के आधार पर उसके साथ भेदभावपूर्ण या डराने वाला व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए।
Share