| | |

भोपाल को नई खेल पहचान: 140 एकड़ में बन रहा इंटरनेशनल स्पोर्ट्स हब; ₹800 करोड़ की परियोजना

भोपाल। राजधानी भोपाल खेलों के क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाने की तैयारी में है। नाथूबरखेड़ा में लगभग 140 एकड़ में इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है। करीब ₹800 करोड़ की यह परियोजना पूरी होने के बाद भोपाल को देश के प्रमुख मल्टी-स्पोर्ट्स शहरों में शामिल करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

कॉम्प्लेक्स में एथलेटिक्स, हॉकी, क्रिकेट, फुटबॉल, तैराकी, जिम्नास्टिक्स और इंडोर खेलों के लिए अलग-अलग स्टेडियम और प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। मध्य प्रदेश में इस तरह की एकीकृत मल्टी-स्पोर्ट्स सुविधा पहली बार तैयार की जा रही है।

महिला एशियन हॉकी चैंपियनशिप से अंतरराष्ट्रीय शुरुआत
नाथूबरखेड़ा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय आयोजन भी मिल चुका है। अक्टूबर-नवंबर में यहां महिला एशियन हॉकी चैंपियनशिप आयोजित होगी, जिसमें भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा लेंगी।

राष्ट्रीय आयोजनों की भी तैयारी
खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के अनुसार, कॉम्प्लेक्स को खेल महासंघों के मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, ताकि भविष्य में राष्ट्रीय प्रतियोगितियों की मेजबानी के लिए भोपाल दावेदारी कर सके।

खिलाड़ियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
परियोजना में खिलाड़ियों के हॉस्टल, स्पोर्ट्स साइंस सेंटर, स्पोर्ट्स मेडिसिन यूनिट और रिकवरी सेंटर भी शामिल हैं। इससे राष्ट्रीय टीमों के प्रशिक्षण शिविर और हाई-परफॉर्मेंस कैंप आयोजित करने में सुविधा मिलेगी।

मौजूदा खेल केंद्रों से बनेगा बड़ा नेटवर्क
भोपाल के बिशनखेड़ी शूटिंग अकादमी, बड़े तालाब की वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी, टीटी नगर स्टेडियम, साई एथलेटिक्स सेंटर और ऐशबाग स्टेडियम को इस नए कॉम्प्लेक्स से जोड़ने की योजना है। इससे प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं का एक समन्वित खेल नेटवर्क तैयार किया जा सकेगा।

नियमित आयोजन होंगे सफलता की कुंजी
विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि यहां लगातार राष्ट्रीय शिविर, लीग, चैंपियनशिप और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होते रहें। नियमित गतिविधियां भोपाल को देश के प्रमुख खेल प्रशिक्षण केंद्रों में स्थापित कर सकती हैं।

खेल से पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
बड़े खेल आयोजनों से खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलने के साथ-साथ होटल, पर्यटन, परिवहन, व्यापार और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

यह पूरा इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स लगभग 140 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किया जा रहा है। परियोजना का निर्माण तीन चरणों में किया जाएगा। पहले चरण पर करीब ₹350 करोड़ खर्च किए जाएंगे, जबकि दूसरे चरण की अनुमानित लागत ₹450 करोड़ है। अब तक इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए कुल ₹800 करोड़ की स्वीकृति दी जा चुकी है।

नाथूबरखेड़ा इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पूरा होने के बाद भोपाल को देश के प्रमुख मल्टी-स्पोर्ट्स और हाई-परफॉर्मेंस शहरों में शामिल करने की दिशा में मजबूत आधार मिलने की उम्मीद है।

Share