भोपाल में कांग्रेस ने BJP कार्यालय तक निकाला पैदल मार्च; कहा- शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें, छात्रों पर दर्ज केस वापस हों’

भोपाल। नीट पेपर लीक, परीक्षा घोटालों और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर भोपाल में कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से भाजपा कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा- नीट पेपर लीक सहित सभी परीक्षा घोटालों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं। संसद में छात्रों के मुद्दों पर चर्चा कराई जाए।

छात्रों का भविष्य हुआ खराब
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे परीक्षा घोटालों से लाखों छात्रों का भविष्य खराब हुआ है। युवाओं का भरोसा बनाए रखने के लिए सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए।
इधर जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा- छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी। जब तक न्याय नहीं मिलता तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

इन नेताओं ने पैदल मार्च का किया नेतृत्व
पैदल मार्च में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, विधायक आरिफ मसूद, प्रदेश कांग्रेस महासचिव संजीव सक्सेना, अरुण श्रीवास्तव, अंशुल त्रिवेदी, आशुतोष चौकसे, अभिषेक शर्मा, गुड्डू चौहान, राजकुमार सिंह सहित कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।