| | |

भोपाल जा रहे किसानों को पुलिस ने रोका: बैरकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े: बोले- मांग पूरी होने के बाद ही लौटेंगे

भोपाल। भोपाल जा रहे किसानों को पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान किसान बैरकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ गए। किसानों का कहना है- अपनी मांग पूरी कराकर ही लौटेंगे।

मध्यप्रदेश में मूंग की 100% सरकारी खरीदी को लेकर किसान अड़े हैं। मंगलवार को किसान पैदल सीएम हाउस का घेराव करने जा रहे थे तभी औबेदुल्लागंज टोल प्लाजा पर पुलिस ने रोक दिया। राजधानी की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर अब भी बैरिकेडिंग और भारी पुलिस बल तैनात की गई है।

7 दिन का राशन लेकर आए हैं  किसान
आंदोलन को लंबा चलाने की तैयारी के साथ किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सात दिन का राशन और पानी लेकर निकले हैं। कई किसान पहले से दाल-बाटी बनाकर भी साथ लाए हैं। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी तरह नहीं सुनी जाएगी, तब तक वे आंदोलन को जारी रखेंगे। साथ ही भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव भी करेंगे।

आंदोलन में 19 किसान संगठन शामिल हुए
संयुक्त किसान मोर्चा के अनुसार, इस आंदोलन में प्रदेश के 19 किसान संगठन शामिल हैं। फिलहाल किसान औबेदुल्लागंज के पास डटे हुए हैं और आगे की रणनीति पर विचार कर रहे हैं। किसान नेताओं का कहना है कि यह आंदोलन किसानों के अधिकारों और लंबित मांगों को लेकर किया जा रहा है।

सरकार हमारा आंदोलन रोख रही है
किसानों ने आरोप लगाया है कि सरकार आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। उनका कहना है कि विदिशा, रायसेन, हरदा, नर्मदापुरम और बुधनी सहित कई जिलों में गांवों से निकलने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर किसानों को रोका जा रहा है। साथ ही कई किसान नेताओं की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।

प्रशासन बोला- “बातचीत से निकलेगा समाधान”
वहीं प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार किसान नेताओं से लगातार बातचीत की जा रही है और आगे की रणनीति भी आपसी संवाद के आधार पर तय की जाएगी.

Share