भोपाल में 350 नावों पर लहराया तिरंगा: मंडला में CRPF बाइक रैली, हरदा में प्रशासनिक यात्रा

भोपाल। स्वतंत्रता दिवस से पहले मध्यप्रदेश में तिरंगा यात्राओं के जरिए देशभक्ति का माहौल दिखाई दे रहा है। गुरुवार को भोपाल, मंडला और हरदा में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें अधिकारी, जवान, खिलाड़ी, युवा और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।
राजधानी भोपाल के बोट क्लब, बड़े तालाब में गुरुवार को विशाल नौका तिरंगा यात्रा निकाली गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में 350 से अधिक नावों पर तिरंगे लहराए गए।
देशभर से आए वॉटर स्पोर्ट्स खिलाड़ियों के साथ मध्यप्रदेश के खिलाड़ी, युवा, सामाजिक संगठनों के सदस्य और आम नागरिक भी यात्रा में शामिल हुए। तालाब की लहरों के बीच तिरंगे से सजी नावों का विशाल बेड़ा लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
पहले देखें बड़े तालाब में तिरंगा लहराने का ड्रोन व्यू….।

सुरक्षा के लिए कई विभागों की तैनाती
आयोजन के दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस, जिला प्रशासन, खेल विभाग और एसडीआरएफ की टीमें तैनात रहीं। गोताखोरों को भी अलर्ट रखा गया। इसके अलावा ट्रैफिक, पार्किंग और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्थाएं की गईं।
कार्यक्रम से एक दिन पहले कैबिनेट मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बोट क्लब पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया था। गुरुवार को वे कार्यक्रम में शामिल होने भी पहुंचे।

मंडला में CRPF जवानों ने निकाली बाइक रैली
मंडला में सीआरपीएफ की 148वीं बटालियन ने गुरुवार सुबह तिरंगा बाइक रैली निकाली। जवानों ने शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक किया। रैली के दौरान जवानों ने नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की और देशभक्ति व राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

हरदा में प्रशासनिक अधिकारियों ने निकाली यात्रा
हरदा के मिडिल स्कूल ग्राउंड से जिला प्रशासन द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, एसपी शशांक, पुलिस, होमगार्ड, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, खेल एवं युवा कल्याण तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। यात्रा के दौरान सभी प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता दिवस के महत्व का संदेश दिया।
पूरे प्रदेश में दिखा तिरंगे का उत्साह
भोपाल की नौका यात्रा, मंडला की बाइक रैली और हरदा की प्रशासनिक तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे प्रदेश में देशभक्ति और तिरंगे के प्रति उत्साह का माहौल बना दिया है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आने वाले दिनों में प्रदेश के अन्य जिलों में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी की जा रही है।