| |

भोपाल में 12वीं की छात्रा ने बाथरूम में किया सुसाइड: सप्लीमेंट्री परीक्षा में हुई थी फेल; लिखा-सॉरी मम्मी-पापा

भोपाल। शाहपुरा क्षेत्र में रहने वाली 17 वर्षीय 12वीं की छात्रा ने सप्लीमेंट्री परीक्षा में फेल होने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से एक नोट मिला है, जिसमें उसने माता-पिता से माफी मांगते हुए खुद को इस कदम के लिए जिम्मेदार बताया है। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। गुरुवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मैथ्स-साइंस की छात्रा थी
मृतका निकिता दीवारे शाहपुरा स्थित पारस मेजेस्टी सिटी में अपने परिवार के साथ रहती थी। वह 12वीं कक्षा में मैथ्स-साइंस विषय से पढ़ाई कर रही थी। बोर्ड परीक्षा में उसे सप्लीमेंट्री आई थी और हाल ही में घोषित हुए सप्लीमेंट्री परिणाम में वह दोबारा सफल नहीं हो सकी।

पहले भी तनाव में थी
परिवार के अनुसार, जब उसे पहली बार सप्लीमेंट्री आने की जानकारी मिली थी, तब वह काफी तनाव में आ गई थी। उस समय परिजनों ने उसे समझाया था कि वह दोबारा परीक्षा देकर आगे की पढ़ाई जारी रख सकती है। इसके बाद उसने सप्लीमेंट्री परीक्षा की तैयारी में मेहनत भी की थी।

बाथरूम में फंदे से लटकी मिली
रिजल्ट आने के बाद वह देर रात घर के बाथरूम में गई और काफी देर तक बाहर नहीं आई। परिजनों ने दरवाजा खोला तो वह फंदे से लटकी मिली। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

नोट में माता-पिता से माफी
पुलिस को जो नोट मिला है, उसमें छात्रा ने लिखा है कि वह अपने माता-पिता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी और उन्हें दुख देने के लिए माफी मांग रही है। पुलिस नोट की जांच कर रही है।

मोबाइल फोन भी जब्त
जांच के दौरान पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। कॉल डिटेल, चैट और अन्य डिजिटल गतिविधियों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी अन्य मानसिक दबाव या परेशानी से गुजर रही थी या नहीं।

पुलिस का बयान
शाहपुरा थाना प्रभारी संतोष मरकाम ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। सुसाइड नोट और मोबाइल फोन की जांच के साथ अन्य सभी पहलुओं को भी देखा जा रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share