‘भूत बंगला’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाल, पहले वीकेंड में 58 करोड़ की कमाई

अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाती नजर आ रही है। उनकी बहुचर्चित हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ ने रिलीज के पहले ही वीकेंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए 58 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।
करीब 14 साल बाद बड़े पर्दे पर लौटी इस हिट जोड़ी को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म ने पहले दिन 12.25 करोड़ रुपये के साथ ओपनिंग की थी, जबकि दूसरे दिन इसकी कमाई बढ़कर 19 करोड़ रुपये हो गई। रविवार को फिल्म ने और तेजी पकड़ते हुए 23 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिससे कुल कमाई 58 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
बढ़ती कमाई से साफ है कि फिल्म को पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ का फायदा मिल रहा है, जो आने वाले दिनों में इसके कलेक्शन को और मजबूत कर सकता है।
फिल्म की कहानी अर्जुन नाम के किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो लंदन से भारत के एक गांव में आता है और एक रहस्यमयी महल से जुड़े घटनाक्रम में फंस जाता है। फिल्म में तब्बू, परेश रावल, राजपाल यादव और वामिका गब्बी जैसे कलाकारों ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं।
दूसरी ओर, रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन जारी रखे हुए है। फिल्म अपने पांचवें हफ्ते में भी मजबूत बनी हुई है और 32वें दिन 4.60 करोड़ रुपये की कमाई के साथ घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 1,115 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि ‘भूत बंगला’ की लगातार बढ़ती कमाई यह संकेत देती है कि फिल्म आने वाले दिनों में भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर सकती है और 100 करोड़ क्लब की ओर तेजी से बढ़ सकती है।






