भाजपा नेता का हंगामा: कांस्टेबल से बोले- जितनी तुम्हारी नौकरी नहीं हुई, उतने समय से राजनीति कर रहा हूं; मारपीट का भी लगाया आरोप

अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा कोतवाली में शनिवार को भाजपा नेता और पुलिस के बीच विवाद हो गया। भाजपा नेता एक युवक की सिफारिश लेकर थाने पहुंचे थे। पुलिस ने उनकी बात नहीं मानी तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गई।

कांस्टेबल से हुआ भाजपा नेता का विवाद
विवाद के दौरान भाजपा नेता ने एक कांस्टेबल से कहा,”अरे सुनो, जितने दिन की तुम्हारी नौकरी नहीं हुई, उससे ज़्यादा समय से मैं राजनीति कर रहा हूं।” इसके बाद थाने में माहौल गर्मा गया और पुलिसकर्मियों व नेता के बीच तीखी बहस होने लगी।

मारपीट का आरोप, थाने में दिया धरना
भाजपा नेता का आरोप है कि विवाद के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर और एक कांस्टेबल ने उनके साथ मारपीट की। घटना के विरोध में वह कोतवाली परिसर में ही धरने पर बैठ गए। कई घंटों तक थाने में हंगामा चलता रहा और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

समझाने के बाद लौटे नेता
काफी देर तक चले विवाद के बाद पुलिस अधिकारियों और मौजूद लोगों ने भाजपा नेता को समझाइश दी। इसके बाद उन्होंने धरना समाप्त किया और वहां से लौट गए। मामले को लेकर दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share