बरवाईखेड़ा टोल पर फूटा स्थानीय लोगों का गुस्सा, टोल टैक्स के विरोध में प्रदर्शन; विधायक आशीष शर्मा ने शिवराज को लिखा पत्र

देवास। कन्नौद-खातेगांव विधानसभा क्षेत्र के बरवाईखेड़ा टोल प्लाजा पर स्थानीय वाहनों से टोल टैक्स वसूले जाने के विरोध में मंगलवार को ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों ने प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में लोग टोल प्लाजा पहुंचे और नारेबाजी करते हुए टोल वसूली का विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने के दौरान कुछ समय के लिए टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई, जिससे वाहनों की आना-जाना बंद हो गया था।

टोल वसूली शुरू होते ही विरोध
स्थानीय लोगों का कहना है कि टोल प्लाजा पर आसपास के गांवों के निजी वाहनों से भी शुल्क वसूला जा रहा है। इससे किसानों, व्यापारियों, छात्रों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इसी के विरोध में लोगों ने टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया।

विधायक आशीष शर्मा ने केंद्रीय मंत्री को लिखा पत्र
मामले को गंभीरता से लेते हुए खातेगांव विधायक आशीष गोविंद शर्मा ने विदिशा सांसद एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने पत्र में बरवाईखेड़ा टोल प्लाजा पर स्थानीय लोगों से टोल वसूली पर आपत्ति जताते हुए समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है।

20-25 किमी दायरे के गांवों को राहत देने की मांग की गई
विधायक ने पत्र में उल्लेख किया है कि कन्नौद और खातेगांव तहसीलों के बीच 20 से 25 किलोमीटर के दायरे में सैकड़ों गांव स्थित हैं। यहां के किसानों, व्यापारियों, छात्रों और कर्मचारियों को दिन में कई बार इस मार्ग से गुजरना पड़ता है। ऐसे में स्थानीय निजी और गैर-व्यावसायिक वाहनों को टोल शुल्क से पूरी तरह मुक्त किया जाना चाहिए।

टोल मुक्त होने तक जारी रहेगा विरोध प्रदर्शन
विधायक आशीष शर्मा ने स्पष्ट किया है कि जब तक स्थानीय निजी वाहनों को टोल से राहत नहीं मिलती, तब तक विरोध जारी रखेंगे। वहीं, क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन और NHIA इस मामले में जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर स्थानीय नागरिकों को राहत देगा।

Share