बरगी डैम हादसा: 9 शव बरामद, 9 लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

जबलपुर के बरगी डैम में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब तेज आंधी-तूफान के चलते पर्यटकों से भरा क्रूज नर्मदा नदी में डूब गया। इस दर्दनाक घटना में शुक्रवार सुबह तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 24 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। प्रशासन के अनुसार अभी भी 9 से अधिक लोग लापता हैं।

हादसे के समय क्रूज में करीब 40 से 45 पर्यटक सवार थे और यह घटना किनारे से लगभग 300 मीटर दूर हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक अचानक मौसम बिगड़ने और तेज तूफान के कारण क्रूज का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह डूब गया।

रेस्क्यू अभियान की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि SDRF ने शुरुआती चरण में कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन अंधेरा और खराब मौसम के चलते राहत कार्य प्रभावित हुआ। शुक्रवार सुबह से फिर से सघन खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया है।

अब इस अभियान में भारतीय सेना सहित राष्ट्रीय स्तर की टीमें भी जुट गई हैं। हैदराबाद से विशेष टीम और हेलिकॉप्टर भेजे जा रहे हैं, जबकि कोलकाता से पैरामिलिट्री बल की टीम जबलपुर पहुंच चुकी है। हाइड्रॉलिक मशीनों और पोकलेन की मदद से करीब 20 फीट गहराई में फंसे क्रूज को बाहर निकालने की कोशिश जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गर्मी के मौसम में शाम के समय बड़ी संख्या में लोग बरगी डैम घूमने पहुंचते हैं। हादसे के वक्त भी पर्यटक मौजूद थे, तभी अचानक तेज आंधी-तूफान आ गया और खमरिया टापू के पास क्रूज अनियंत्रित होकर डूब गया।

क्रूज के पायलट महेश ने बताया कि सुरक्षा के इंतजाम मौजूद थे, लेकिन अचानक आए तूफान के कारण किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। उनके अनुसार उन्हें इस क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है, लेकिन इस तरह का मौसम बदलाव बेहद अचानक था।

प्रशासन द्वारा अब तक जिन मृतकों की पहचान की गई है, उनमें नीतू सोनी (43), सौभाग्यम अलागन (42), मधुर मैसी (62), काकुलाझी (38), रेशमा सैयद (66), शमीम नकवी (66), मरिना मैसी (39) और 4 वर्षीय त्रिशान मैसी शामिल हैं। एक अन्य शव की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

फिलहाल प्रशासन का पूरा फोकस लापता लोगों की तलाश और बचाव पर है। पूरे क्षेत्र में राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है, जबकि स्थानीय प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Share

Similar Posts