बांग्लादेश: तारिक रहमान ने सिलहट के ससुराल से शुरू किया चुनाव प्रचार

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के अध्यक्ष तारिक रहमान ने आज सिलहट के दक्षिण सुरमा उपजिला के बिराइनपुर में अपने ससुराल से औपचारिक रूप से चुनावी अभियान की शुरुआत की। उन्होंने हजरत शाहजलाल और हजरत शाह परान की दरगाहों पर प्रार्थना की और उसके बाद उपस्थित जनता को संबोधित किया।
उन्होंने पार्टी के चुनाव निशान धान की बाली पर वोट देने की अपील की। रिपोर्ट के अनुसार, तारिक रहमान अपनी पत्नी डॉ. जुबैदा रहमान के साथ 22 साल बाद ससुराल पहुंचे, जहां हजारों लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
तारिक रहमान ने कहा कि बीएनपी का मकसद लोगों की जिंदगी को बेहतर बनाना है। सत्ता में आने पर पार्टी कम आय वाले परिवारों के लिए फैमिली कार्ड और किसानों के लिए किसान कार्ड शुरू करेगी। उन्होंने युवाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी घोषणा की ताकि वे विदेश में बेहतर अवसर पा सकें और देश की अर्थव्यवस्था में योगदान दे सकें।
सिंचाई और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए बीएनपी दिवंगत राष्ट्रपति जिया-उर-रहमान के नहर खुदाई कार्यक्रम को फिर से शुरू करने का भी वादा किया। उन्होंने पिछले 16 साल के शासन की आलोचना करते हुए कहा कि तानाशाह ने लोगों के मतदान और बोलने के अधिकार छीन लिए, और बीएनपी भरोसेमंद चुनाव के जरिए इन अधिकारों को बहाल करेगी।
सिलहट के लोगों से जुड़ाव बताते हुए उन्होंने कहा, “ज़ुबैदा आपकी बेटी है, इसका मतलब है कि मैं भी आपका बेटा हूं। मैं आपसे वादा करता हूं कि बीएनपी की जीत सुनिश्चित करेंगे।”






