बांग्लादेश में एक और हिंदू युवक की संदिग्ध मौत, ढाका में पूर्व छात्र का शव बरामद

बांग्लादेश में हिंदू समुदाय से जुड़ी एक और संदिग्ध मौत सामने आई है। राजधानी ढाका में जगन्नाथ विश्वविद्यालय (जबी) के एक पूर्व छात्र का शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान आकाश चंद्र सरकार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 10 बजे पुरातन ढाका के गेंडारिया थाना क्षेत्र अंतर्गत भट्टिखाना इलाके में स्थित एक मेस के कमरे से युवक का शव पंखे से लटका हुआ पाया गया।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों ने बताया कि आकाश चंद्र सरकार मूल रूप से फरीदपुर जिले के निवासी थे और वे जगन्नाथ विश्वविद्यालय के 10वें बैच के छात्र रह चुके थे। सहपाठियों के अनुसार, वह काफी समय से उसी मेस में रह रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही गेंडारिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मटिफोर्ड अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में बांग्लादेश के विभिन्न हिस्सों में इस तरह की कई संदिग्ध मौतें सामने आई हैं। इससे पहले कोलाबागान, चिटगांव विश्वविद्यालय, और खुलना से भी छात्र, पुलिसकर्मी और प्रवासी युवक के शव मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी मामलों की जांच जारी है, और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले फॉरेंसिक व पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।






