बांग्लादेश में बीएनपी को बहुमत, सरकार बनाने का दावा; तारिक रहमान अगले प्रधानमंत्री की दौड़ में आगे

बांग्लादेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। 13वें संसदीय चुनाव में Bangladesh Nationalist Party (बीएनपी) ने निर्णायक बढ़त हासिल करते हुए सरकार बनाने का दावा किया है।
बीएनपी मीडिया सेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि पार्टी बहुमत का आंकड़ा पार कर चुकी है और अब नई सरकार का गठन किया जाएगा।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जातीय संसद (Jatiya Sangsad) की कुल 299 सीटों में से 236 सीटों की मतगणना पूरी हो चुकी है। इनमें बीएनपी और उसके सहयोगियों ने 166 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं Jamaat-e-Islami और उसके सहयोगियों को 58 सीटें मिली हैं। अन्य दलों और निर्दलीयों को सीमित सफलता मिली है।
सरकार बनाने के लिए 151 सीटों की जरूरत होती है, जिसे बीएनपी ने आसानी से पार कर लिया है। ऐसे में पार्टी अध्यक्ष Tarique Rahman के अगले प्रधानमंत्री बनने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।
हालांकि, बीएनपी अध्यक्ष ने समर्थकों से संयम बरतने की अपील की है। चुनाव से पहले उनकी मां और पूर्व प्रधानमंत्री Khaleda Zia के निधन के कारण उन्होंने जीत के जश्न को स्थगित करने को कहा है। उन्होंने समर्थकों से शुक्रवार की नमाज के बाद दुआ करने की अपील की।
अब सबकी नजरें निर्वाचन आयोग की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं। अगर नतीजे इसी रुझान पर कायम रहे, तो बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन तय माना जा रहा है।






