|

बांधवगढ़ में मनाया विश्व हाथी दिवस: बच्चों ने खिलाए फल और गन्ने; “हाथी भैया, थैंक यू” कहानी सुनी

उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में विश्व हाथी दिवस 2026 के अवसर पर तीन दिनों तक चले जागरूकता कार्यक्रमों का बुधवार को समापन हुआ। ताला स्थित इको सेंटर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में हाथी संरक्षण, प्राकृतिक आवास की सुरक्षा और मानव-हाथी सह-अस्तित्व को लेकर विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय को जागरूक किया गया।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक डॉ. समीता राजोरा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र संचालक के नेतृत्व में हाथी संरक्षण एवं जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों, विद्यार्थियों और शिक्षकों के स्वागत एवं पंजीयन से हुई।

“फीड द जायंट्स” गतिविधि बनी आकर्षण का केंद्र
इसके बाद “Feed the Giants” गतिविधि के तहत इको सेंटर में मौजूद कैंप हाथियों सूर्या और रामा को महावतों की देखरेख में विद्यार्थियों और अतिथियों ने फल एवं गन्ना खिलाया। बच्चों ने हाथियों के साथ संवाद कर उनके व्यवहार और महत्व को करीब से जाना।

मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ हुआ। स्वागत उद्बोधन में हाथियों के पारिस्थितिक महत्व और उनके संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला गया।

प्रश्नोत्तरी और फिल्म के जरिए बच्चों को किया जागरूक
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए हाथी संरक्षण से जुड़ी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके साथ ही हाथियों के जीवन और उनके संरक्षण पर आधारित एक छोटी फिल्म दिखाई गई, जिससे बच्चों को हाथियों के महत्व और उनकी सुरक्षा के बारे में जानकारी दी गई।

9 परिक्षेत्रों के विजेता प्रतिभागियों को मिला सम्मान
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के सभी 9 परिक्षेत्रों में आयोजित चित्रकला, निबंध और रंगोली प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। विजेताओं को प्रमाण-पत्र और स्मृति-चिह्न देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

“हाथी भैया, थैंक यू” कहानी से बच्चों को जोड़ा
क्षेत्र संचालक ने बच्चों के साथ विशेष सहभागिता करते हुए “हाथी भैया, थैंक यू” कहानी साझा की। कहानी के माध्यम से बच्चों को हाथियों के प्रति प्रेम, संवेदनशीलता और संरक्षण का संदेश दिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि हाथियों का झुंड जंगल के अन्य शाकाहारी वन्यजीवों की किस प्रकार मदद करता है।

स्थानीय समुदाय और वन विभाग की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में सहायक संचालकों, वन परिक्षेत्र अधिकारियों, ईडीसी एवं स्थानीय समितियों के प्रतिनिधियों, वनकर्मियों, गाइड्स, महावतों, गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय समुदाय के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी की।

शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल ताला के प्राचार्य नागेंद्र तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि हाथियों के संरक्षण और मानव-हाथी सह-अस्तित्व के लिए स्थानीय समुदाय और सभी हितधारकों की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है।

राहुल किरार और महावीर पांडे ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी
कार्यक्रम का संचालन वन परिक्षेत्र अधिकारी महावीर पांडे ने किया। वहीं आयोजन की योजना और व्यवस्थाओं में राहुल किरार, वन परिक्षेत्र अधिकारी ताला रेंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

समापन पर सभी अतिथियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और प्रतिभागियों के साथ सामूहिक छायाचित्र लिया गया। आयोजन के माध्यम से हाथियों के संरक्षण, उनके प्रति संवेदनशीलता और सामूहिक जनभागीदारी से वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया गया।

Share