| | | |

सीट फुल थी तो बस की छत पर बैठाया: पीछे झूलते हुए स्कूल पहुंचें छात्र: इंदौर की कंपेल रूट पर 1 साल से बंद है सिटी बस

इंदौर। कंपेल स्थित शासकीय हाई स्कूल के 60-70 छात्र-छात्राएं पिछले करीब एक साल से सिटी बस सेवा बंद होने के कारण जान जोखिम में डालकर स्कूल आने-जाने को मजबूर हैं। सोमवार सुबह उज्जैनी से कंपेल तक छात्र बस की छत पर बैठकर स्कूल पहुंचे। बारिश के दौरान भी बच्चे छत पर बैठकर सफर करते नजर आए।

ड्राइवर-कंडक्टर ने बस की छत पर बैठाया
छात्रों ने बताया कि कंपेल रूट पर पिछले एक साल से सिटी बस सेवा बंद है। ऐसे में रोजाना स्कूल आने-जाने के लिए उन्हें दूसरे साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। छात्रों का आरोप है कि सोमवार को बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने ही उन्हें छत पर बैठाकर कंपेल तक पहुंचाया।

बारिश में भीगते हुए तय किया सफर
बस की छत पर बैठे बच्चों को बारिश के दौरान भीगते हुए सफर करना पड़ा। सबसे बड़ी चिंता यह है कि चलती बस की छत पर बैठकर सफर करने से किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता है। इसके बावजूद मजबूरी में छात्र इसी तरह स्कूल जाने को विवश हैं।

कलेक्टर से मिलने पहुंचे 60-70 छात्र
लगातार परेशानी से परेशान होकर 60-70 छात्र-छात्राएं अपनी समस्या बताने कलेक्टर शिवम वर्मा से मिलने कलेक्ट्रेट पहुंचे। छात्रों ने कलेक्टर से कंपेल रूट पर सिटी बस सेवा जल्द शुरू कराने की मांग की, ताकि उन्हें जान जोखिम में डालकर स्कूल न जाना पड़े।

कलेक्टर ने तत्काल करवाई व्यवस्था
छात्रों की समस्या सुनने के बाद कलेक्टर शिवम वर्मा ने तत्काल व्यवस्था कराई और सभी छात्र-छात्राओं को सिटी बस के माध्यम से स्कूल के लिए रवाना किया। छात्रों ने उम्मीद जताई कि कंपेल रूट पर नियमित सिटी बस सेवा जल्द शुरू होगी और उन्हें सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

Share