|

बलोचिस्तान में पाकिस्तानी सेना का सर्च ऑपरेशन जारी, विद्रोहियों के हमलों से बढ़ा तनाव

इस्लामाबाद। बलोचिस्तान की राजधानी क्वेटा में पिछले माह लिंक ट्रेन पर हुए आत्मघाती हमले के बाद पाकिस्तान के सुरक्षा बलों द्वारा संदिग्धों की तलाश में शुरू किया गया अभियान लगातार जारी है। इस अभियान के दौरान अब तक 17 विद्रोहियों के मारे जाने की खबर है, जबकि दूसरी ओर सशस्त्र समूहों ने भी सुरक्षा बलों के खिलाफ अपने हमले तेज कर दिए हैं।

रिपोर्टों के अनुसार कलात जिले के मंगचर इलाके में पाकिस्तानी सेना के बम निरोधक दस्ते को सड़क किनारे लगाए गए एक देसी विस्फोटक उपकरण (आईईडी) से निशाना बनाया गया। यह हमला ऐसे समय में हुआ जब सेना क्षेत्र में लगातार तलाशी अभियान चला रही है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक सेना ने मंगचर और आसपास के इलाकों में कई छापेमारी अभियान चलाए हैं। इस दौरान सैन्य हेलीकॉप्टरों की मदद से कई स्थानों पर हवाई कार्रवाई और भारी गोलाबारी भी की गई। बताया जा रहा है कि सुरक्षा बलों ने विद्रोही ठिकानों, बख्तरबंद वाहनों और उनके संभावित अड्डों को निशाना बनाया।

इसी बीच पंजगुर जिले के चिडगी इलाके में सशस्त्र विद्रोही समूहों ने सैन्य हेलीकॉप्टरों पर भारी हथियारों और तोपखाने से हमला करने का दावा किया है। हालांकि इस हमले में हुए नुकसान को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सुरक्षा बल संदिग्ध गतिविधियों के शक में कई बलोच युवकों को उनके घरों से हिरासत में ले रहे हैं। बताया जा रहा है कि सेना ने पिछले कुछ दिनों से चिडगी और आसपास के क्षेत्रों में अपना डेरा जमाया हुआ है और व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

बलोचिस्तान में बढ़ते सैन्य अभियान और विद्रोही गतिविधियों के चलते क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। सुरक्षा बलों और सशस्त्र समूहों के बीच जारी टकराव ने स्थानीय लोगों की चिंताएं भी बढ़ा दी हैं।

Share

Similar Posts