| |

बैतूल फोरलेन पर ट्रक से टकराई कार: 3 की मौत, 8 गंभीर; नागपुर से कुबेरेश्वर धाम जा रहे थे 

बैतूल।  जिले के मुलताई फोरलेन पर जीतू ढाबे के पास एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

मौके पर ही पति-पत्नी सहित तीन लोगों की मौत हो गई। आठ लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा शनिवार तड़के 3:30 बजे का है। सभी घायलों का अस्पताल इलाज चल रहा है।

कार में सभी श्रद्धालु थे, जो नागपुर (महाराष्ट्र) के पास बुट्टी बोरी कोल माइंस एरिया के रहने वाले हैं। ये लोग सीहोर के कुबेरेश्वर धाम दर्शन करने के लिए जा रहे थे।

झपकी आने से हादसे की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार चालक को झपकी आ गई होगी। इसके चलते वह सड़क किनारे खड़े ट्रक को नहीं देख पाया और कार सीधे उसमें जा घुसी। हादसे की असली वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

 

हादसे की तस्वीरें..

ट्रक से टकराने के बाद कार के परखच्चे उड़ गए।

अभी कार की स्पीड का पता नहीं चल पाया है।
हादसा शनिवार तड़के हुआ।


पति-पत्नी की हुई पहचान

हादसे में अब तक दो मृतकों की पहचान पति-पत्नी के रूप में हुई है। मृतकों के नाम दीपक (42) और पत्नी छाया (40) बताए गए हैं। तीसरी मृत महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

कार में बच्चे भी थे, जो बुरी तरह घायल हैं।
ड्राइवर समेत 8 घायल, बच्चों की भी हालत गंभीर
हादसे में ड्राइवर सौरभ समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को मुलताई के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को नागपुर रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। हादसे में कार की रफ्तार कितनी थी और टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।

कार की छत पूरी तरह टूटी
घटना के दौरान मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि टक्कर की आवाज सुनकर हम सब हादसे की जगह पहुंचे। कार की पीछे वाली सीट पर बैठे दो लोगों की मौत हो चुकी थी। अगला पहिया टूटकर अलग हो गया था। आगे की सीट पीछे चली गई थी और छत पूरी तरह टूट गई थी।

Share