|

बड़वानी में शिखरधाम से लौटते समय बोलेरो के ब्रेक फेल: पहाड़ी रास्ते में पलटी; एक परिवार के 7 लोग घायल

बड़वानी। श्रावण माह में मंगलवार को नागलवाड़ी के प्रसिद्ध शिखरधाम मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो पहाड़ी मार्ग पर पलट गई। दोपहर करीब 3 बजे हुए हादसे में एक ही परिवार के 7 लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत अधिक चोटों के कारण गंभीर बताई गई, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल खरगोन रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार बोलेरो क्रमांक MP-10 ZC 7388 में एक परिवार शिखरधाम मंदिर में दर्शन करने आया था। दर्शन के बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी रास्ते पर अचानक बोलेरो के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने वाहन को संभालने की कोशिश की, लेकिन पहाड़ी मार्ग होने के कारण बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

मंदिर समिति के सदस्यों ने पहुंचकर की मदद
हादसे की जानकारी मिलते ही मंदिर सेवा समिति के सदस्य और आसपास मौजूद श्रद्धालु मौके पर पहुंचे। लोगों ने घायलों को वाहन से बाहर निकाला और तत्काल मदद शुरू की। सभी घायलों को निजी वाहनों की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नागलवाड़ी पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया।

3 घायलों को खरगोन रेफर किया
हादसे में अंजलि कोड़े (24), सरस सिसोदिया (12), बाटी सिसोदिया, रमा कोड़े, मधु सोलंकी (17), निर्मला सिसोदिया (32) और कुणाल कोड़े (25) घायल हुए हैं। इनमें सरस सिसोदिया, बाटी सिसोदिया और रमा कोड़े को अधिक चोटें आने पर जिला अस्पताल खरगोन रेफर किया गया। वहीं अन्य घायलों का इलाज नागलवाड़ी स्वास्थ्य केंद्र में किया गया।

श्रावण में बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़
श्रावण माह होने के कारण नागलवाड़ी शिखरधाम में इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंगलवार को भी मंदिर में दर्शन के लिए काफी भीड़ थी। इसी दौरान पहाड़ी मार्ग पर हादसा होने से सुरक्षा को लेकर सवाल उठे हैं।

श्रद्धालुओं का कहना है कि शिखरधाम तक जाने वाले पहाड़ी रास्ते पर वाहनों को सावधानी से चलाने की जरूरत है। खासकर भीड़ के दिनों में वाहन चालकों को सतर्क रहना चाहिए।

 

Share