बड़वानी में पुलिस अभिरक्षा से भागा आरोपी गिरफ्तार: 72 घंटे में खंडवा से पकड़ा गया शुभम; भागते समय ले गया था हथकड़ी

बड़वानी। शहर कोतवाली पुलिस ने पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए आरोपी शुभम पिता सुभाष मानकर को 72 घंटे के भीतर खंडवा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से वह हथकड़ी भी बरामद की है, जिसे वह भागते समय अपने साथ ले गया था। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा चुका है।
बाइक गिरने का फायदा उठाकर भागा था
जुलवानिया पुलिस ने 27 अगस्त को शुभम मानकर, निवासी जुलवानिया को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया था। एसडीएम राजपुर न्यायालय से उसे केंद्रीय जेल बड़वानी भेजने के आदेश हुए थे।
आरक्षक सुनील पेरोल और आरक्षक वीरेंद्र सिंह बालके उसे बाइक से बड़वानी ला रहे थे। केंद्रीय जेल से करीब 500 मीटर पहले पुराने सर्किट हाउस के सामने शिव शंकर होटल के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक गिरने से दोनों आरक्षक सड़क पर गिर गए।
इसी दौरान शुभम ने दोनों आरक्षकों को धक्का दिया और भाग गया। आरोपी के हाथ में लगी हथकड़ी का दूसरा सिरा आरक्षक वीरेंद्र की कमर के बेल्ट से जुड़ा था। आरोपी बेल्ट से हथकड़ी निकालकर अपने साथ ले गया।

पुलिस ने 2 हजार का इनाम घोषित किया
घटना के बाद कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ धारा 262 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने 28 अगस्त को आरोपी की गिरफ्तारी पर 2 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालने के साथ उसकी तलाश शुरू कर दी। शनिवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि शुभम खंडवा या उसके आसपास छिपा हुआ है।
खंडवा पुलिस की मदद से पकड़ा
बड़वानी कोतवाली पुलिस ने सूचना खंडवा कोतवाली पुलिस से साझा की। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर शुभम को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हथकड़ी भी बरामद कर ली गई। थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर न्यायालय में पेश किया गया है।