| |

बड़वानी में कांग्रेस का जनसंवाद: अजय सिंह बोले-कार्यकर्ता पार्टी की ताकत; संगठन मजबूत करने के लिए गांव-गांव जाएंगे

बड़वानी। जिला मुख्यालय में सोमवार दोपहर पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ता जनसंवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका और प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति को लेकर अपनी बात रखी। कार्यक्रम में विधायक राजन मंडलोई और कांग्रेस जिलाध्यक्ष नानेश चौधरी भी मौजूद रहे।

अजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से सत्ता से बाहर है। एक पूरी पीढ़ी ऐसी है, जिसने प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं देखी है। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनता के बीच सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने हर परिस्थिति में पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाया है। सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ भी कार्यकर्ता लगातार संघर्ष कर रहे हैं।

कार्यकर्ता ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत
अजय सिंह ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। कांग्रेस की सबसे बड़ी पूंजी भी कार्यकर्ता ही हैं। उन्होंने कहा कि अब संगठन को और मजबूत करने का समय है। कार्यकर्ताओं से बिना किसी आदेश का इंतजार किए खुद आगे बढ़कर जिम्मेदारी संभालने की अपील की।

महंगाई और बेरोजगारी को लेकर सरकार पर निशाना
अजय सिंह ने प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं से परेशान है। विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित के मुद्दों पर काम करने के बजाय जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।

गांव-गांव और घर-घर पहुंचने की अपील
अजय सिंह ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाना होगा। आम लोगों की समस्याओं को पार्टी के मंच तक लाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी।

उन्होंने कहा कि  नेताओं और कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट हो। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और एकता के दम पर कांग्रेस आने वाले समय में जनता का विश्वास जीतने में सफल होगी।

Share