बड़वानी में 10 घंटे शव पर रेंगती रहीं चीटियां: फ्रीजर होने के बाद भी जमीन पर रखा शव; परिजनों ने किया हंगामा

बड़वानी। जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में महिला का शव 10 घंटे तक पड़ा रहा। इस दौरान शव पर चींटियां रेंगने लगीं। महिला को एक्सीडेंट होने के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया था। इलाज शुरू हुआ लेकिन आधे घंटे बाद उसकी मौत हो गई।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। यहां 10 घंटे बीत गए फिर भी डॉक्टर नहीं पहुंचे। नाराज परिजन अस्पताल में हंगामा करने लगे। सूचना के बाद डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची। जांच का आश्वासन देकर पोस्टमार्टम हुआ। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप
मृतका के बेटे राहुल का आरोप है कि रविवार शाम से डॉक्टरों को फोन किए लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा। डॉक्टर के इंतजार में शव पूरी रात पीएम रूम में पड़ा रहा। सुबह तक हालत ये हुई की कीड़े मकोड़े तक रेंगने लगे।
फ्रीजर होने के बावजूद जमीन पर रखा शव
हंगामें की सूचना मिलने पर विधायक प्रतिनिधि विष्णु बनड़े जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। कहा- अस्पताल में फ्रीजर उपलब्ध है फिर भी शव को जमीन पर रखा गया। जब चादर हटाई तो शव पर चींटियां चल रही थीं। हालांकि मामले में अस्पताल प्रबंधन अभी तक किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। इधर परिजन लापरवाही करने वालों के खिलाफ लगातार कर्रवाई किए जाने की मांग कर रहे हैं।