इंदौर जेल में कैदियों ने बनाए 1 लाख शिवलिंग: DG ने किया रुद्राभिषेक; मुस्लिम महिलाओं ने भी की पूजा

इंदौर। सावन के दूसरे सोमवार पर इंदौर केंद्रीय जेल में 1.25 लाख पार्थिव शिवलिंग बनाने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। पार्थिव शिवलिंग का विधि-विधान से पूजन और महाअभिषेक किया जा रहा रहा है।
आयोजन में जेल के करीब 1 हजार बंदी पार्थिव शिवलिंग बनाने में जुटे हैं। हिंदू और मुस्लिम महिला बंदियों ने मिलकर पार्थिव शिवलिंग बनाए।
महिला बंदियों के साथ जेल में तैनात पुलिसकर्मियों ने भी शिवलिंग निर्माण में भाग लिया। इससे जेल परिसर में धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सौहार्द का संदेश भी देखने को मिला।

डॉ. वरुण कपूर ने पत्नी संग किया अभिषेक
महानिदेशक जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं डॉ. वरुण कपूर ने अपनी पत्नी के साथ पार्थिव शिवलिंग का अभिषेक किया। इस दौरान जेल अधीक्षक सहित जेल प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

पूजन के बाद विधि-विधान से होगा विसर्जन
पार्थिव शिवलिंग का पूजन पूरे विधि-विधान और अनुष्ठान के साथ किया जा रहा है। महाअभिषेक और पूजा-अर्चना के बाद पार्थिव शिवलिंग का विधिवत विसर्जन किया जाएगा।
सावन के दूसरे सोमवार पर इंदौर केंद्रीय जेल के साथ प्रदेश की अन्य जेलों में भी इस तरह के धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं।

बंदियों को नवाचारों से जोड़ने पर जोर
इंदौर केंद्रीय जेल बंदियों को उद्योग, शिक्षा और धर्म सहित विभिन्न सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए किए जा रहे नवाचारों के लिए जानी जाती है।
जेल प्रशासन का उद्देश्य बंदियों को रचनात्मक और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर उनके भीतर बेहतर बदलाव की दिशा में काम करना है।