|

असम चुनाव 2026: भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का बराक घाटी दौरा, दिग्गज नेताओं का तूफानी प्रचार

असम में विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार अभियान के अंतिम चरण में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को बराक घाटी के दौरे पर पहुंच रहे हैं, जहां वे कई चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।

जानकारी के अनुसार, असम के बराक क्षेत्र में नितिन नवीन सबसे पहले पथारकांदी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार कृष्णेंदु पाल के समर्थन में रामकृष्ण नगर में जनसभा करेंगे। इसके बाद कछार जिले के लखीपुर विधानसभा क्षेत्र में उम्मीदवार कौशिक राय के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। साथ ही लखीपुर के लावक चाय बागान के खेल मैदान में भी एक बड़ी चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।

इस बीच, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा भी शनिवार को चार जिलों—माहमरा, सोनारी, नाजिरा और मरियानी में विजय संकल्प सभाओं में भाग लेंगे। इसके अलावा वे जोरहाट में एक रोड शो भी करेंगे।

भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ग्वालपाड़ा जिले के लखीपुर और गुवाहाटी के दिसपुर में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। वहीं, पेमा खांडू नाओबेचा, रंगानदी और लखीमपुर क्षेत्रों में प्रचार करेंगे।

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल दुलियाजान और गुवाहाटी मध्य विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

दूसरी ओर, कांग्रेस भी चुनाव प्रचार में पीछे नहीं है। असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई निचले असम में पांच चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 5 से 7 अप्रैल तक असम में चुनावी रैलियां करेंगे।

गौरतलब है कि असम विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान 7 अप्रैल की शाम को समाप्त हो जाएगा। राज्य में 9 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।

Share

Similar Posts