असम में 9.2 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त, दो जिलों में कार्रवाई; तीन आरोपी गिरफ्तार

असम पुलिस ने राज्य में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो अलग-अलग जिलों में समन्वित कार्रवाई करते हुए करीब 9.2 करोड़ रुपये की मादक पदार्थों की खेप जब्त की है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई की जानकारी मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, चिरांग जिला के बिजनी क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने प्रतिबंधित याबा टैबलेट्स बरामद कीं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4.5 करोड़ रुपये है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। याबा टैबलेट एक अत्यधिक नशीला पदार्थ है, जो मेथामफेटामाइन और कैफीन के मिश्रण से तैयार किया जाता है और केंद्रीय तंत्रिका तंत्र पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है।
वहीं दूसरी ओर, कछार जिला में चलाए गए एक अलग अभियान के तहत पुलिस ने 947 ग्राम हेरोइन जब्त की है, जिसकी बाजार कीमत करीब 4.7 करोड़ रुपये आंकी गई है। अधिकारियों के अनुसार, यह हेरोइन 85 पैकेटों में बरामद की गई और इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने असम पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ब्रह्मपुत्र घाटी और बराक घाटी, दोनों ही क्षेत्रों में नशे के खिलाफ समान दृढ़ संकल्प के साथ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ड्रग तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जब्त ड्रग्स के पीछे किसी बड़े अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का हाथ तो नहीं है।
नशे के खिलाफ यह कार्रवाई असम में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।






