अनूपपुर में खंडहर मकान में युवती का सड़ा-गला शव मिला, पहचान की कोशिश में जुटी पुलिस

मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के ग्राम गुंवारी में खेत में बने एक खंडहरनुमा मकान से अज्ञात युवती का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसडीओपी अनूपपुर नवीन तिवारी ने सोमवार को बताया कि रविवार शाम खेत मालिक और रिटायर्ड फौजी रामखेलावन राठौर अपने खेत पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें खेत में बने पुराने खंडहरनुमा मकान से तेज दुर्गंध महसूस हुई। पास जाकर देखने पर अंदर एक युवती का शव पड़ा मिला, जिसके बाद उन्होंने गांव जाकर ग्रामीणों को सूचना दी और पुलिस को खबर दी गई।
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को पास में एक पर्स मिला। पर्स में रखी कागज की पर्ची पर ‘काजल पुरी’ नाम लिखा हुआ मिला। हालांकि स्थानीय लोगों से पूछताछ के बावजूद युवती की पहचान तुरंत नहीं हो सकी।
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने प्रारंभिक जांच में बताया कि शव कई दिन पुराना है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर रात करीब 9 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी के पोस्टमार्टम कक्ष में सुरक्षित रखवा दिया।
पुलिस के अनुसार ‘काजल पुरी’ नाम की एक युवती 17 फरवरी से ग्राम लपटा से लापता बताई जा रही है, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले से दर्ज है। पुलिस ने परिजनों को पहचान के लिए बुलाया है। परिजनों द्वारा पहचान होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।






