झाबुआ में ‘ऑपरेशन मर्यादा’ का 7वां दिन: 72 पर कार्रवाई, अब तक 602 हुड़दंगियों पर एक्शन; यात्री वाहनों की चेकिंग

झाबुआ। महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के साथ सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने के लिए झाबुआ पुलिस का ‘ऑपरेशन मर्यादा’ लगातार जारी है। पुलिस के अनुसार अभियान के सातवें दिन जिले में 72 कार्यवाहियां की गईं। अभियान शुरू होने से अब तक कुल 602 हुड़दंगियों और नियम उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में चल रहे अभियान के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले हुड़दंग, स्टंट और खतरनाक ड्राइविंग के वीडियो पर भी नजर रखी जा रही है।
वायरल रील्स के आधार पर भी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामने आने वाले स्टंट, तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने और यातायात नियम तोड़ने से जुड़े वीडियो की निगरानी की जा रही है।

वीडियो के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा ऐसे लोगों को भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत भी दी जा रही है।
मैजिक, तूफान और ऑटो की विशेष चेकिंग
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यात्री सुरक्षा के लिए जिले के थाना और चौकी क्षेत्रों में मैजिक, तूफान, ऑटो समेत अन्य यात्री वाहनों की सघन जांच की गई।
इस दौरान अतिरिक्त सवारी बैठाने के लिए लगाए गए अनधिकृत कैरियर की जांच कर उन्हें नियमानुसार हटाया गया। इसके अलावा वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा और अन्य जरूरी दस्तावेज भी जांचे गए।
क्षमता से अधिक सवारी या अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की गई। वाहन चालकों को क्षमता के अनुसार ही यात्रियों को बैठाने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।
स्कूल-कॉलेज और हॉटस्पॉट क्षेत्रों में निगरानी
पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने, क्षमता से अधिक सवारी और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
अभियान के तहत स्कूल, कॉलेज, छात्रावास और छात्राओं के आवागमन वाले क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। चिन्हित हॉटस्पॉट पर भी विशेष निगरानी की जा रही है। स्कूल-कॉलेज की छुट्टी के समय तथा शाम और रात में जरूरत के अनुसार वाहन चेकिंग की जा रही है।
नाबालिग वाहन चालकों और तीन सवारी पर भी नजर
‘ऑपरेशन मर्यादा’ में नाबालिगों के वाहन चलाने, बाइक पर तीन सवारी, बिना दस्तावेज वाहन संचालन, महिलाओं और छात्राओं से छेड़छाड़ या अभद्रता जैसी गतिविधियों पर भी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने कहा कि अभियान में कार्रवाई के साथ महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा को लेकर विद्यार्थियों और आमजन को जागरूक भी किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार संवेदनशील और चिन्हित क्षेत्रों में लगातार निगरानी एवं पेट्रोलिंग जारी रहेगी।