धार में स्वास्थ्य शिविर में 200 से अधिक लोगों की जांच: BP, शुगर और सिकल सेल की जांच; दवाइयां भी बांटी

धार। सेवा भारती एवं आरोग्य डायग्नोस्टिक सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को महात्मा ज्योतिबा फुले बस्ती, गंजी खाना, दशहरा मैदान रोड क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 200 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। धार नगर के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
BP, शुगर और सिकल सेल की जांच
शिविर में ब्लड प्रेशर, शुगर और सिकल सेल की जांच की गई। जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाइयों का नि:शुल्क वितरण भी किया गया। जांच के दौरान कई लोगों में शुगर का स्तर अधिक पाया गया। इसे देखते हुए क्षेत्र में शुगर नियंत्रण और बचाव को लेकर जनजागरण की जरूरत बताई गई।

विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी सेवाएं
शिविर में डॉ. सुधीर मोदी (जनरल फिजिशियन), डॉ. रंजन पटेल (मेडिसिन), बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुभूति राठी और डॉ. आदित्य राठी, आरोग्य भारती के जिला अध्यक्ष डॉ. कल्याण सिंह जादौन, सेवा भारती समिति के अनिल जैन, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी अध्यक्ष डॉ. रमाकांत मुकुट और डॉ. सचिन रघुवंशी ने सेवाएं दीं। डॉक्टरों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर आवश्यक परामर्श भी दिया।
जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का उद्देश्य
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य नगरपालिका अधिकारी विश्वनाथ सिंह ने की। बस्ती के मोहन गोरा विशेष अतिथि रहे। नगर कार्यवाह गोपाल डोड भी मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य बस्ती और आसपास के जरूरतमंद नागरिकों को स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराना था।
शिविर के आयोजन में क्षेत्र के कार्यकर्ताओं टोनू कुमार, अशोक राठौर, पार्वती, सुनीता शर्मा और पलक राठौर का योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में अभिषेक चतुर्वेदी ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। संचालन जतिन कराले ने किया।