| |

अमृत 2.0 योजना के तहत इंदौर के धनखेड़ी में 80 एमएलडी एसटीपी का निरीक्षण, कार्य तेज करने के निर्देश

इंदौर में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। इसी कड़ी में आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने सांवेर रोड स्थित ग्राम धनखेड़ी में निर्माणाधीन 80 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का स्थल निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त श्री आशीष पाठक, कार्यपालन यंत्री श्री अश्विनी जनवदे सहित संबंधित तकनीकी अधिकारी उपस्थित रहे। आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कान्ह नदी के शुद्धिकरण और आगामी सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए कार्य को निर्धारित समय-सीमा में हर हाल में पूर्ण किया जाए।

आयुक्त श्री सिंघल ने ठेकेदार फर्म को निर्देशित किया कि कार्य स्थल पर पर्याप्त तकनीकी स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए, साथ ही लेबर और मशीनरी की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्य की गति तेज की जाए। उन्होंने सभी कार्यों को आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान यह भी कहा गया कि सीवर नेटवर्क का सर्वे पूरी गंभीरता और सटीकता से किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न न हो। इसके साथ ही ट्रीटेड वॉटर के री-यूज़, विशेषकर सिंचाई प्रयोजनों के लिए उपयोग की संभावनाओं का सर्वे करने के निर्देश भी दिए गए।

गौरतलब है कि अमृत 2.0 योजना पैकेज-1 के अंतर्गत कुल 281.3 करोड़ रुपये की लागत से धनखेड़ी में 80 एमएलडी क्षमता का यह एसटीपी प्लांट निर्मित किया जा रहा है। इसके साथ ही लगभग 163 किलोमीटर लंबा सीवरेज लाइन नेटवर्क भी बिछाया जाना है। यह परियोजना इंदौर की पर्यावरणीय स्थिति सुधारने और कान्ह नदी के संरक्षण की दिशा में एक अहम मील का पत्थर मानी जा रही है।

Share

Similar Posts