अमिताभ बच्चन के अस्पताल में भर्ती होने की खबर निकली अफवाह, रूटीन चेकअप के बाद लौटे घर

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के अस्पताल में भर्ती होने की खबर ने मंगलवार रात उनके फैंस की चिंता बढ़ा दी थी। सोशल मीडिया और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि अभिनेता पेट से जुड़ी समस्या के चलते मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती हैं। हालांकि, बाद में यह खबर पूरी तरह अफवाह साबित हुई।

रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए पहुंचे थे अस्पताल

सूत्रों के मुताबिक, अमिताभ बच्चन केवल नियमित स्वास्थ्य जांच (रूटीन हेल्थ चेकअप) के लिए अस्पताल पहुंचे थे। जांच पूरी होने के बाद वह उसी दिन घर लौट आए और उनकी तबीयत पूरी तरह ठीक है।

कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि बिग बी 16 मई से अस्पताल के वीआईपी वार्ड में भर्ती हैं। यहां तक कहा गया कि फिल्म ‘कुली’ की शूटिंग के दौरान हुए हादसे के बाद से उन्हें पेट संबंधी समस्याएं रहती हैं। वहीं बेटे अभिषेक बच्चन के अस्पताल पहुंचने की खबर ने भी इन अफवाहों को और बढ़ावा दिया।

अगले दिन खुद कार चलाकर पहुंचे ‘जनक’

सूत्रों ने साफ किया कि अभिनेता पूरी तरह स्वस्थ हैं। इतना ही नहीं, अगले ही दिन उन्हें ‘जलसा’ से ‘जनक’ तक खुद कार चलाकर जाते हुए भी देखा गया, जिससे उनकी फिटनेस को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया।

ब्लॉग में कविता के जरिए दिया जवाब

इन अफवाहों के बीच अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पर एक कविता साझा कर अप्रत्यक्ष रूप से प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि जब वह शांत रहते हैं, तब लोग बेवजह बातें बनाना शुरू कर देते हैं। अभिनेता ने यह भी बताया कि वह घर पर आराम से बाजरे की रोटी और साग का आनंद ले रहे हैं।

साथ ही बिग बी ने अपने प्रशंसकों और शुभचिंतकों का आभार जताते हुए कहा कि उनका प्यार और शुभकामनाएं उन्हें नई ऊर्जा देती हैं।

इन फिल्मों में आएंगे नजर

वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन इन दिनों ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल की शूटिंग में व्यस्त हैं। इसके अलावा वह जल्द ही फिल्म ‘सेक्शन 84’ में भी नजर आने वाले हैं।

Share

Similar Posts