|

राजस्थान सीमा पर अमित शाह का दौरा, सांचू पोस्ट से देखा पाकिस्तानी इलाका, जवानों से किया संवाद

Amit Shah ने मंगलवार को राजस्थान में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित बीएसएफ की ऐतिहासिक सांचू पोस्ट का दौरा किया। भीषण गर्मी और करीब 42 डिग्री तापमान के बीच गृह मंत्री ने सीमा पर तैनात जवानों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और सीमा सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।

इस दौरान Bhajan Lal Sharma भी उनके साथ मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने सीमा पर तैनात जवानों के साहस और देश की सुरक्षा में उनके योगदान की सराहना की। अमित शाह ने जवानों के साथ जलपान कर सहज संवाद भी किया और उनकी चुनौतियों व अनुभवों को जाना।

गृह मंत्री मंगलवार सुबह हेलीकॉप्टर से सांचू पोस्ट पहुंचे। यह पोस्ट भारत-पाक सीमा की ऐतिहासिक चौकियों में शामिल है और दो प्रमुख युद्धों की गवाह रही है। अमित शाह ने यहां से दूरबीन के जरिए पाकिस्तानी सीमा और जीरो पॉइंट क्षेत्र का अवलोकन किया। करीब डेढ़ घंटे तक सीमा चौकी पर रुककर उन्होंने बॉर्डर एक्टिविटी, सुरक्षा व्यवस्था और आधुनिक चुनौतियों को लेकर जवानों से चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री ने सीमा चौकियों पर नवनिर्मित 14 महिला बैरकों का ई-लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री Arjun Ram Meghwal सहित बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

सीमा चौकी पहुंचने से पहले अमित शाह ने सांचू माता मंदिर में दर्शन-पूजन किया और प्रहरी शस्त्र गैलरी का निरीक्षण किया। उन्होंने सीमा सुरक्षा में इस्तेमाल की जा रही आधुनिक ड्रोन तकनीक की जानकारी भी ली। साथ ही परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

दौरे के बाद अमित शाह बीकानेर स्थित बीएसएफ मुख्यालय पहुंचे, जहां सीमावर्ती जिलों के कलेक्टरों और एसपी के साथ उच्च स्तरीय बैठक प्रस्तावित है। बैठक में सीमा सुरक्षा, तस्करी और संवेदनशील गतिविधियों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत राजस्थान सीमा से जुड़े 184 गांवों को सड़क और 4G नेटवर्क से जोड़ने की योजना पर भी जोर दिया गया।

Share

Similar Posts