गृह मंत्री अमित शाह असम के कछार जिले में जीवंत ग्राम कार्यक्रम के द्वितीय चरण का करेंगे शुभारंभ

गृह मंत्री अमित शाह आज असम के कछार जिले में जीवंत ग्राम कार्यक्रम के द्वितीय चरण का शुभारंभ करेंगे। यह पहल सीमावर्ती गांवों के सुधार, आजीविका के अवसर और सुरक्षित सीमावर्ती समुदायों के निर्माण पर केंद्रित है। इस योजना की कुल लागत 6,800 करोड़ रुपये से अधिक है और यह वित्त वर्ष 2028-29 तक लागू रहेगी। कार्यक्रम को देश के 15 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में सघनता आधारित और अभिसरण संचालित दृष्टिकोण के तहत लागू किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल ग्रामीण विकास बल्कि सीमा सुरक्षा, सीमा पार अपराधों की रोकथाम और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करना भी है। गृह मंत्री भारत-बांग्लादेश सीमा पर स्थित सीमा सुरक्षा बल की नतूनपुर सीमा चौकी का दौरा करेंगे और सीमा पर बाड़ लगाने की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
इसके अलावा, श्री शाह बराक घाटी में भाजपा की रैली को संबोधित करेंगे और पार्टी के चुनाव अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वे त्रिपुरा के अगरतला जाएंगे और शाम को असम लौटेंगे।
कल गृह मंत्री गुवाहाटी के अर्जुन भोगेश्वर बरुआ खेल परिसर में केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल की वार्षिक परेड में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में भव्य परेड, आधुनिक हथियारों का प्रदर्शन और आंतरिक सुरक्षा में बल की उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा, वे सोनपुर के कोसुतोली में 10वीं असम पुलिस बटालियन के नए परिसर की आधारशिला भी रखेंगे।
यह कार्यक्रम विकसित भारत 2047 के विजन के अनुरूप सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला कदम माना जा रहा है।






