अमित शाह का राहुल गांधी पर हमला, बोले– वह संसद में चाय-पकोड़े खाने जाते हैं

केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah ने असम दौरे के दौरान कांग्रेस नेता Rahul Gandhi पर तीखा हमला बोला। गुवाहाटी के बिरुवारी स्थित प्राज्योतिष मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शाह ने कहा कि राहुल गांधी संसद में चाय-पकोड़े खाने जाते हैं और उन्हें संसद की कार्यप्रणाली की जानकारी नहीं है।
अपने संबोधन की शुरुआत उन्होंने आदिशक्ति कामाख्या और असम के महापुरुषों लचित बरफुकन, वीर चिलाराय और महाराज पृथु को याद करते हुए की। इसके बाद उन्होंने असम की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के कामकाज की सराहना की।
अमित शाह ने कहा कि 10 साल पहले असम की स्वास्थ्य सेवाएं बेहद कमजोर थीं, लेकिन आज राज्य में कई बड़े मेडिकल संस्थान और कैंसर अस्पताल स्थापित हुए हैं। उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पताल में प्रोटॉन थेरेपी की सुविधा देने वाला देश का पहला राज्य असम बनने जा रहा है, जिससे कैंसर मरीजों को बड़ा लाभ मिलेगा।
इस दौरान शाह ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में केवल अपने परिवार की चिंता की, जबकि राज्य के लोगों की स्वास्थ्य सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के समय स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक भ्रष्टाचार हुआ और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी असम के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए विशेष कदम नहीं उठाए।
शाह ने कहा कि राहुल गांधी भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते देश का ही विरोध करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया भर से लोग भारत की ताकत देखने आते हैं, लेकिन राहुल गांधी वहां भी विरोध करते हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।






