| |

गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली कार विस्फोट के बाद उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की

नई दिल्ली, 11 नवम्बर 2025।
दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार विस्फोट के बाद देश की सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सक्रिय हो गई हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने आज अपने निवास पर एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में केंद्रीय गृह सचिव, खुफिया ब्यूरो (IB) के निदेशक, दिल्ली पुलिस आयुक्त और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के महानिदेशक शामिल हुए। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक भी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।

गृह मंत्रालय ने इस घटना की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दी है। बैठक में दिल्ली समेत देशभर के प्रमुख शहरों में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्री शाह ने अधिकारियों से कहा कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी एजेंसियों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। दिल्ली पुलिस को विशेष सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं, वहीं आतंक निरोधी बलों को भी सक्रिय कर दिया गया है।

इस बीच दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने बयान जारी कर बताया कि सुरक्षा कारणों से लाल किला मेट्रो स्टेशन को फिलहाल बंद रखा गया है, हालांकि अन्य सभी मेट्रो स्टेशन सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं।

गौरतलब है कि कल लाल किले के पास हुए विस्फोट में आठ लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। एनआईए और दिल्ली पुलिस की टीमें मौके से साक्ष्य एकत्र कर जांच में जुटी हुई हैं।

Share

Similar Posts