गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर नागरिकों को दी शुभकामनाएं, मतदान को बताया नैतिक दायित्व

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर देश के सभी नागरिकों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें भारतीय लोकतंत्र की मजबूती और संविधान द्वारा प्रदत्त समान मतदान अधिकार की याद दिलाता है।

सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में गृह मंत्री ने कहा कि भारतीय संविधान ने प्रत्येक मतदाता को समान शक्ति दी है, और इस शक्ति का जिम्मेदारी के साथ प्रयोग कर ही देश को सही दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने मतदान अधिकार का उपयोग सोच-समझकर और राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए करें।

अमित शाह ने कहा कि मतदान प्रणाली की रक्षा करना और उसकी शुचिता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि मजबूत लोकतंत्र की नींव जागरूक और जिम्मेदार मतदाताओं पर टिकी होती है।

गृह मंत्री ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर सभी नागरिकों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे अपने मत की शक्ति का उपयोग एक विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में करेंगे।

Share

Similar Posts