आज जम्मू में सीमा सुरक्षा की समीक्षा करेंगे गृहमंत्री अमित शाह

अमित शाह आज जम्मू में सीमा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। वे दो दिवसीय दौरे पर कल रात जम्मू पहुंचे। इस दौरान वे सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था की स्थिति और विकास परियोजनाओं की प्रगति का आकलन करेंगे।
गृहमंत्री आज कठुआ जिले के हीरानगर में अंतरराष्ट्रीय सीमा का दौरा करेंगे, जहां वे सीमा सुरक्षा बल द्वारा घुसपैठ रोकने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे आधुनिक उपकरणों और साजो-सामान का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा वे बोबिया और गुरनाम स्थित बीएसएफ चौकियों का भी दौरा करेंगे।
श्री शाह जम्मू के लोक भवन में शहीद सैनिकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें नियुक्ति पत्र भी सौंपेंगे। सुरक्षा समीक्षा बैठक में जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा, अर्धसैनिक बलों के वरिष्ठ अधिकारी और खुफिया एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
दौरे के दूसरे दिन गृहमंत्री श्रीनगर में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। उल्लेखनीय है कि एक महीने से भी कम समय में यह उनका जम्मू-कश्मीर का दूसरा सुरक्षा समीक्षा दौरा है। इससे पहले उन्होंने 8 जनवरी को नई दिल्ली में भी सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की थी।






