|

असम में अमित शाह ने कई स्वास्थ्य परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास

केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah ने असम के दो दिवसीय दौरे के दौरान राज्य को स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी सौगात दी। गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

इस दौरान गुवाहाटी के तीसरे मेडिकल कॉलेज के रूप में प्रागज्योतिष मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल का उद्घाटन किया गया। इसके अलावा तिनसुकिया और गोलाघाट में बने कैंसर केयर अस्पतालों का भी उद्घाटन किया गया। साथ ही डिफू, जोरहाट और बरपेटा मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों के निर्माण का शिलान्यास किया गया।

प्रागज्योतिष मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल का निर्माण 13.76 एकड़ भूमि पर लगभग 675 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इस अस्पताल में 505 बेड, 15 ऑपरेशन थिएटर और कई आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके निर्माण में दम्मानी फाउंडेशन ने 150 करोड़ रुपये का योगदान दिया है और यहां हर साल 100 छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा।

इसके अलावा गुवाहाटी में 218 करोड़ रुपये की लागत से स्वास्थ्य भवन और अभयापुरी में 115 करोड़ रुपये की लागत से जिला अस्पताल के निर्माण का भी शिलान्यास किया गया। तिनसुकिया और गोलाघाट में कैंसर केयर अस्पताल असम सरकार और टाटा ट्रस्ट के सहयोग से तैयार किए गए हैं, जिससे राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

Share

Similar Posts