NDRF के जवानों को देखकर लोग खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं: गाजियाबाद में अमित शाह

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को गाजियाबाद में आयोजित एनडीआरएफ (NDRF) राष्ट्रपति निशान अलंकरण समारोह में कहा कि “एनडीआरएफ के जवानों को देखकर लोग खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं।” उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी एनडीआरएफ देशवासियों को हर प्रकार की आपदा से सुरक्षित रखने के लिए और अधिक मजबूती के साथ काम करेगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वर्ष 2014 से देश में आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों को आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार काम हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत अब ऐसी स्थिति की ओर बढ़ रहा है, जहां “जीरो कैजुअल्टी” का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
इस दौरान गृहमंत्री ने छह नई परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के शुरू होने से राहत और बचाव कार्यों को और गति मिलेगी तथा आपदाओं के समय त्वरित सहायता पहुंचाना आसान होगा।
अमित शाह ने कहा कि जिन आपदाओं का पहले से अनुमान मिल जाता है, वहां जान-माल की सुरक्षा सरकार का प्रमुख लक्ष्य होना चाहिए। मौसम विभाग की पूर्व चेतावनियों के आधार पर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। साथ ही, लोगों को जागरूक करने के लिए बचाव और जागरूकता ऐप भी विकसित किए गए हैं, जिससे आपदा प्रबंधन एक सामाजिक संस्कार बनता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि NDRF News केवल लोगों की जान बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आपदाओं के दौरान पशुओं को सुरक्षित निकालने में भी बल ने उत्कृष्ट कार्य किया है। सरकार का लक्ष्य हर आपदा में जान-माल और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम करना है।
गृहमंत्री ने Heatwave Preparedness को लेकर कहा कि गृह मंत्रालय और एनडीआरएफ हीटवेव जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। आने वाले वर्षों में गर्मी से होने वाले नुकसान को न्यूनतम स्तर तक लाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
अमित शाह ने बताया कि एनडीआरएफ और गृह मंत्रालय ने अब तक 8,500 से अधिक जवानों, 10 हजार सिविल डिफेंस कर्मियों और 2.20 लाख से ज्यादा वालंटियर्स को प्रशिक्षित किया है। साथ ही, पिछले दो वर्षों में 10,500 से अधिक नाविकों को भी प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने आपदा मित्रों की भूमिका को भी आपदा प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करने में अहम बताया।
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने परेड की सलामी ली। NDRF के महानिदेशक पीयूष कुमार आनंद ने उनका स्वागत किया और खुली जीप में परेड का निरीक्षण कराया। गृह मंत्री ने एनडीआरएफ की देश और विदेश में आपदाओं के दौरान निभाई गई भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि इस बल ने भारत का नाम वैश्विक स्तर पर गौरवान्वित किया है।






