अमित शाह आज असम में ‘युवा शक्ति समारोह’ को करेंगे संबोधित, प्रागज्योतिष मेडिकल कॉलेज की रखेंगे आधारशिला

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह दो दिवसीय असम दौरे पर शनिवार रात गुवाहाटी पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हालिया असम दौरे के बाद शाह का यह दौरा राजनीतिक और विकासात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अपने दौरे के दौरान अमित शाह प्रागज्योतिष मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद वे दोपहर 1:30 बजे खानापारा पहुंचेंगे, जहां आयोजित ‘युवा शक्ति समारोह’ में शामिल होकर राज्य के हजारों युवाओं को संबोधित करेंगे।
युवाओं को देंगे विकास का संदेश
गुवाहाटी के खानापारा स्थित कॉलेज ऑफ वेटरनरी साइंस के खेल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री असम के 1.5 लाख से अधिक युवक-युवतियों को संबोधित करेंगे।
इस समारोह का आयोजन भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), असम प्रदेश द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को असम के विकास की यात्रा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है।
कई प्रमुख नेता रहेंगे मौजूद
इस कार्यक्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या, असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया भी उपस्थित रहेंगे।
चुनावी माहौल के बीच दौरा अहम
असम में विधानसभा चुनाव की तिथियों की घोषणा कभी भी हो सकती है। ऐसे में राष्ट्रीय नेताओं के लगातार दौरे से राज्य में चुनावी माहौल तेज होता नजर आ रहा है।
भारतीय जनता पार्टी ने अमित शाह के इस दौरे को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। पार्टी का कहना है कि यह कार्यक्रम राज्य के युवाओं को विकास, रोजगार और राष्ट्रीय प्रगति के संदेश से जोड़ने का प्रयास है।






