केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज दो दिवसीय दौरे पर गुवाहाटी पहुंचेंगे, रोड शो और चुनावी रणनीति पर करेंगे मंथन

भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज दो दिवसीय दौरे पर गुवाहाटी पहुंचेंगे। असम विधानसभा चुनाव को देखते हुए उनका यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है।
चुनावी रणनीति पर फोकस
अमित शाह शनिवार दोपहर करीब 2:35 बजे गुवाहाटी के बोरझार एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। इसके बाद वे कोईनाधारा गेस्ट हाउस में पार्टी नेताओं के साथ चुनावी तैयारियों और रणनीति पर चर्चा करेंगे।
शाम 4:15 बजे वे गुवाहाटी में एक भव्य रोड शो करेंगे, जबकि शाम करीब 6 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे।
मौसम बना चुनौती
गुवाहाटी में बीती रात से हो रही बारिश के चलते चुनाव प्रचार गतिविधियों पर असर पड़ा है। ऐसे में अमित शाह के प्रस्तावित रोड शो को लेकर भी संशय बना हुआ है। यदि मौसम खराब रहता है, तो भाजपा को अपनी रणनीति में बदलाव करना पड़ सकता है।
अगले दिन भी ताबड़तोड़ प्रचार
अमित शाह 29 मार्च को असम के विभिन्न क्षेत्रों में चुनाव प्रचार करेंगे।
- ढेकियाजुली में जनसभा
- टिहू के सामता क्षेत्र में रैली
इन सभाओं में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा सहित भाजपा और सहयोगी दलों के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
स्टार प्रचारकों की एंट्री
भाजपा ने इस चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत 40 स्टार प्रचारकों को मैदान में उतारा है। आने वाले दिनों में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री भी असम में चुनाव प्रचार करेंगे।
वहीं, विपक्षी दल कांग्रेस की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी चुनावी मैदान में उतरेंगे।
असम में चुनावी सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं और सभी प्रमुख दल जीत के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।






