अमेठी में युवक की गला काटकर हत्या, इंटर कॉलेज रोड पर मिला शव

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में उस समय सनसनी फैल गई, जब बाजार शुक्ल थाना क्षेत्र में एक युवक का गला कटा शव बरामद हुआ। अमेठी हत्या मामला सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

घटना अमेठी जिले के बाजार शुक्ल कस्बे की है। मृतक की पहचान शाहिद (35) पुत्र शरीफ निवासी कस्बा बाजार शुक्ल के रूप में हुई है। शाहिद का शव उसके घर से करीब एक किलोमीटर दूर इंटर कॉलेज रोड पर भारत गैस एजेंसी के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव देखे जाने के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, युवक की गला काटकर हत्या की गई है। बताया जा रहा है कि मृतक ने प्रेम विवाह किया था। परिजनों ने इस मामले में हत्या का आरोप लगाया है और साजिश की आशंका जताई है।

सूचना मिलते ही बाजार शुक्ल थाना क्षेत्र के थानाध्यक्ष विवेक कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया है, जो मौके से साक्ष्य संकलन में जुटी हुई है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

फिलहाल, बाजार शुक्ल थाना क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Share

Similar Posts